शिव कुमार
सम्भल( परिपाटी न्यूज़) दीपावली के शुभ अवसर पर प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के लाभार्थियों को रसोई गैस सिलेंडर रिफिल पर सब्सिडी की सौगात दी गई। मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार, बहजोई में जिलाधिकारी अंकित खण्डेलवाल के निर्देशन एवं जिला पूर्ति अधिकारी शिवी गर्ग की अध्यक्षता में सब्सिडी वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया।कार्यक्रम में गुन्नौर के पूर्व विधायक अजीत कुमार उर्फ राजू यादव मुख्य अतिथि तथा नगर पालिका परिषद बहजोई के अध्यक्ष राजेश शंकर उर्फ राजू विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुए। अतिथियों का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया गया।इस दौरान लखनऊ स्थित लोक भवन में आयोजित मुख्यमंत्री के कार्यक्रम का सजीव प्रसारण किया गया। सभागार में मौजूद अतिथियों, अधिकारियों एवं उज्ज्वला योजना के लाभार्थियों ने कार्यक्रम को देखा और सुना।

मुख्य अतिथि पूर्व विधायक अजीत कुमार उर्फ राजू यादव ने कहा कि प्रदेश सरकार महिलाओं को प्राथमिकता के आधार पर विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचा रही है। महिलाओं को आत्मनिर्भर एवं सशक्त बनाने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के माध्यम से महिलाओं को स्वच्छ ईंधन उपलब्ध हुआ है, जिससे उन्हें चूल्हे के धुएं से होने वाली परेशानियों से राहत मिली है और रसोई में भोजन बनाना पहले की अपेक्षा अधिक सुविधाजनक हुआ है।विशिष्ट अतिथि नगर पालिका अध्यक्ष राजेश शंकर उर्फ राजू ने कहा कि महिला सशक्तीकरण सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। महिलाओं को सम्मानजनक जीवन देने के उद्देश्य से शौचालय निर्माण सहित कई योजनाएं संचालित की गई।
