Spread the love

‎
‎मुकुट यादव
‎
‎सम्भल( परिपाटी न्यूज़) बहजोई। भारत के लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के अवसर पर शुक्रवार को जनपद सम्भल में राष्ट्रीय एकता दिवस मनाया गया। इस मौके पर पुलिस कार्यालय बहजोई में पुलिस अधीक्षक विकास चंद्र त्रिपाठी के नेतृत्व में शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया गया। इसमें पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने राष्ट्र की एकता, अखंडता एवं सुरक्षा बनाए रखने का संकल्प लिया। समारोह के दौरान एसपी विकास चंद्र त्रिपाठी ने पुलिस कार्यालय में उपस्थित सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को राष्ट्रीय एकता की शपथ दिलाई। उन्होंने सभी को देश की एकता और अखंडता के प्रति समर्पित रहकर अपने दायित्वों का पूरी निष्ठा एवं ईमानदारी से निर्वहन करने के लिए प्रेरित किया।

शपथ के दौरान पुलिसकर्मियों ने सरदार वल्लभभाई पटेल के आदर्शों और विचारों का अनुसरण करने तथा देश की आंतरिक सुरक्षा को मजबूत बनाने में अपना योगदान देने का संकल्प दोहराया।इस अवसर पर एसपी ने राष्ट्रीय एकता दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि देश की एकता और अखंडता बनाए रखना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। पुलिस विभाग की भूमिका इसमें महत्वपूर्ण है। उन्होंने पुलिसकर्मियों से आपसी सौहार्द, भाईचारे और एकता की भावना के साथ कार्य करने तथा जनता की सेवा एवं सुरक्षा के लिए सदैव तत्पर रहने का संदेश दिया।कार्यक्रम में अपर पुलिस अधीक्षक दक्षिणी मनोज कुमार रावत,क्षेत्राधिकारी बहजोई स्तुति सिंह सहित पुलिस कार्यालय के संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *