मुकुट यादव
सम्भल ( परिपाटी न्यूज़) शहर के मोहल्ला सोतीपुरा में नाला निर्माण में घटिया सामग्री लगाए जाने का आरोप लगाते हुए शुक्रवार को मोहल्लेवासियों ने भीम आर्मी भारत एकता मिशन के नेतृत्व में प्रदर्शन किया। वार्ड नंबर दो में चल रहे नाला निर्माण को लेकर लोगों में नगर पालिका परिषद और ठेकेदार के प्रति नाराजगी देखने को मिली। प्रदर्शनकारियों ने निर्माण कार्य की गुणवत्ता की जांच कराते हुए मानकों के अनुरूप काम कराने की मांग उठाई। इस दौरान भीम आर्मी के पूर्व मंडल महासचिव सुधीर कुमार सागर ने आरोप लगाया कि नगर पालिका परिषद सम्भल की ओर से कुछ वर्ष पूर्व मोहल्ला सोतीपुरा से आजाद स्कूल, हातिमसराय और मोहनतालाब होते हुए कटरा मूसा के नाले तक सीवर लाइन का निर्माण कराया गया था।

उनका दावा है कि उस निर्माण में करोड़ों रुपये खर्च होने के बावजूद मानकों का पालन नहीं किया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि अब इस कार्य को लेकर उठ रहे सवालों के बीच सोतीपुरा से अंबेडकर पार्क और हातिमसराय बीज भंडार तक नाले का निर्माण कराया जा रहा है, जिसमें ठेकेदार द्वारा घटिया निर्माण सामग्री का इस्तेमाल किया जा रहा है।मोहल्लेवासियों ने एकत्र होकर निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर सवाल उठाए और चेतावनी दी कि नाले का निर्माण निर्धारित मानकों के अनुसार कराया जाए, ताकि सरकारी धन का सही उपयोग हो और लोगों को भविष्य में परेशानी न उठानी पड़े।प्रदर्शन के बाद मुख्यमंत्री हेल्पलाइन,नगर पालिका परिषद के अधिशासी अधिकारी (ईओ) और पालिकाध्यक्ष को शिकायती पत्र देकर मामले की जांच तथा उचित कार्रवाई की मांग की गई।इस अवसर पर सुधीर कुमार सागर, दीपक कुमार, रामपाल, सुभाष, अरुण, पुष्पेंद्र, धर्मेंद्र, लाल सिंह, राजेंद्र, प्रिया पाल, अजय, शिशुपाल, चंद्रभान, सुदेश, मुकेश, सोमपाल, प्रमोद, महिपाल, सुमित, सागर, गौतम, बंटी, दीपमाला, सुशीला, गीता, शशि, सुधा और प्रवेश सहित अनेक मोहल्लेवासी मौजूद रहे।
