Spread the love

‎मुकुट यादव
‎
‎सम्भल ( परिपाटी न्यूज़)बहजोई। जनशिकायतों और आईजीआरएस पोर्टल पर प्राप्त प्रार्थना पत्रों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। शिकायतकर्ताओं की समस्याओं को गंभीरता और संवेदनशीलता से सुनकर प्रत्येक मामले की निष्पक्ष जांच की जाए तथा निर्धारित समयसीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। यह निर्देश पुलिस अधीक्षक विकास चन्द्र त्रिपाठी ने बुधवार को पुलिस लाइन बहजोई स्थित सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक के दौरान दिए। बुधवार को आयोजित बैठक में जनपद के समस्त अधिकारियों,क्षेत्राधिकारियों तथा थाना और चौकी प्रभारियों के साथ जनशिकायतों एवं आईजीआरएस प्रार्थना पत्रों के निस्तारण की समीक्षा की गई।

इस दौरान एसपी ने संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देशित किया कि प्राप्त शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर संज्ञान लेकर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाए।एसपी ने कहा कि शिकायतों का निस्तारण केवल औपचारिकता तक सीमित नहीं रहना चाहिए,बल्कि शिकायतकर्ता की समस्या का समाधान सुनिश्चित किया जाना जरूरी है। प्रत्येक प्रकरण की निष्पक्षता से जांच करते हुए कार्रवाई की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान दिया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि शिकायतों के निस्तारण में देरी या लापरवाही सामने आने पर इसे गंभीरता से लिया जाएगा।उन्होंने अधिकारियों को पारदर्शिता,संवेदनशीलता और जवाबदेही बनाए रखने के निर्देश देते हुए कहा कि सभी संबंधित अधिकारी इन निर्देशों का कड़ाई से पालन करें। बैठक में अपर पुलिस अधीक्षक, समस्त क्षेत्राधिकारी तथा थाना और चौकी प्रभारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *