मुकुट यादव
सम्भल ( परिपाटी न्यूज़) नखासा थाना रिठाली पुलिस चौकी क्षेत्र के ग्राम पीपली रहमापुर में श्मशान भूमि पर अवैध कब्जे का आरोप लगाते हुए ग्रामीणों ने पुलिस से कार्रवाई की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि राजस्व अभिलेखों में श्मशान के रूप में दर्ज गाटा संख्या 990 की जमीन को गांव के एक व्यक्ति ने कथित तौर पर जोतकर अपने खेत में मिला लिया है। श्मशान तक जाने वाले रास्ते पर भी कब्जा करने का आरोप लगाया गया है।ग्राम निवासी ओमपाल पुत्र डोरी और पंचम सिंह पुत्र सुम्मेरी ने 22 अक्टूबर 2026 को पुलिस चौकी रिठाली,थाना नखासा में शिकायती पत्र देकर जमीन को कब्जामुक्त कराने की मांग की। शिकायतकर्ताओं के अनुसार,श्मशान की भूमि की पहले कई बार पैमाइश कराकर तारबंदी कराई जा चुकी है,लेकिन आरोप है कि तारों व ठिये को उखाड़कर जमीन को दोबारा खेत में मिला लिया जाता है।

ग्रामीणों ने शिकायत में कहा कि श्मशान तक पहुंचने का रास्ता बाधित होने के कारण गांव के लोगों को अंतिम संस्कार करने में परेशानी हो रही है। उनका आरोप है कि कई बार मृतकों का अंतिम संस्कार अपने खेत में करना पड़ता है या शव को गंगा किनारे ले जाना पड़ता है। इस मामले को लेकर ग्रामीणों में नाराजगी है। शिकायतकर्ताओं ने गांव में तनाव की आशंका जताते हुए प्रशासन से समय रहते कार्रवाई करने की मांग की है।लेखपाल ने स्वीकार की श्मशान भूमि।हल्का लेखपाल हरीश शर्मा ने बताया कि गाटा संख्या 990 राजस्व अभिलेखों में श्मशान भूमि के रूप में दर्ज है। उनके अनुसार,पूर्व में वहां तारबंदी कराई गई थी,लेकिन उसे उखाड़कर फेंक दिया गया। उन्होंने कहा कि मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।ग्रामीणों ने पुलिस और प्रशासन से जमीन की दोबारा पैमाइश कराने,श्मशान की भूमि को कब्जामुक्त कराने,अंतिम संस्कार के रास्ते को खुलवाने तथा शिकायत में नामजद व्यक्ति के खिलाफ जांच के बाद नियमानुसार कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।
