गुरप्रीत सिंह
हरिद्वार (परिपाटी न्यूज) लक्सर में भारत रत्न लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती के अवसर पर गुर्जर समाज की ओर से भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। राष्ट्रीय गुर्जर महासभा द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में सैकड़ों लोगों ने भाग लिया और सरदार पटेल के जीवन चरित्र तथा देश की आजादी में उनके अतुलनीय योगदान को याद किया। कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने सरदार वल्लभभाई पटेल के संघर्षपूर्ण जीवन, राष्ट्र के प्रति उनके समर्पण और देश की एकता एवं अखंडता को मजबूत करने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका पर प्रकाश डाला। वक्ताओं ने कहा कि सरदार पटेल का जीवन समाज और देश के लिए प्रेरणास्रोत है। उनके आदर्शों पर चलकर समाज को एकता, शिक्षा और प्रगति की दिशा में आगे बढ़ाया जा सकता है।

इस अवसर पर गुर्जर समाज की एकजुटता पर विशेष जोर दिया गया। वक्ताओं ने समाज के लोगों से आपसी भाईचारा मजबूत करने और सामाजिक विकास के लिए मिलकर काम करने का आह्वान किया। साथ ही शिक्षा, राजनीति और व्यवसाय समेत विभिन्न क्षेत्रों में समाज की भागीदारी बढ़ाने तथा युवाओं को आगे बढ़ने के अवसर उपलब्ध कराने पर भी चर्चा की गई।कार्यक्रम में कांग्रेस सरकार में पूर्व राज्यमंत्री रहे गौरव गुर्जर, उत्तर प्रदेश पुलिस महिला कबड्डी टीम की कप्तान सोनिका नागर गुर्जर सहित गुर्जर समाज के अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे।सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के अवसर पर आयोजित इस कार्यक्रम में उनके विचारों को आत्मसात करने, समाज में एकता कायम रखने और आने वाली पीढ़ी को शिक्षा एवं राष्ट्रसेवा के लिए प्रेरित करने का संदेश दिया गया।
