Spread the love

अजमल अंसारी

 बिजनौर (परिपाटी न्यूज़)चांदपुर क्षेत्र में देर रात एक गुलदार 20 फीट गहरे कुएं में गिर गया। घटना चांदपुर–पेजनिया रोड स्थित तोफापुर गांव के जंगल क्षेत्र की है। बताया गया कि गुलदार रात भर कुएं में ही पड़ा रहा। सुबह खेतों पर जा रहे किसानों ने कुएं के अंदर से किसी जानवर के गुर्राने की आवाज सुनी। पास जाकर देखा तो अंदर गुलदार फंसा हुआ था। सूचना मिलते ही गांव में हड़कंप मच गया और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए।


ग्रामीणों ने तुरंत वन विभाग को सूचना दी। सूचना मिलते ही रेंजर दुश्यंत कुमार अपनी टीम और पिंजरे के साथ मौके पर पहुंचे। वन विभाग की छह सदस्यीय टीम ने रस्सियों और पिंजरे की मदद से रेस्क्यू अभियान शुरू किया। करीब तीन घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद गुलदार को सुरक्षित पिंजरे में कैद कर कुएं से बाहर निकाल लिया गया।
रेंजर दुश्यंत कुमार ने बताया कि गुलदार की उम्र लगभग ढाई साल आंकी गई है। रेस्क्यू के बाद उसे स्वास्थ्य परीक्षण के लिए रेंज कार्यालय ले जाया गया। मेडिकल जांच के बाद उच्च अधिकारियों के निर्देश पर उसे सुरक्षित स्थान पर छोड़ा जाएगा। गुलदार के पकड़े जाने के बाद ग्रामीणों ने राहत की सांस ली। वन विभाग ने लोगों से जंगल क्षेत्र में सतर्क रहने और किसी भी वन्यजीव की सूचना तुरंत विभाग को देने की अपील की है।

By विक्की जोशी

विक्की जोशी मंडल आई.टी. प्रभारी मुरादाबाद

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *