रक्षक राजपूत
बिजनौर (परिपाटी न्यूज़)मंडावर। थाना क्षेत्र में दहेज की आग ने एक और बेटी की जिंदगी लील ली। शादी के महज एक साल के भीतर ही 24 वर्षीय विवाहिता दामिनी उर्फ सोनी की संदिग्ध मौत से इलाके में सनसनी फैल गई है। मृतका के पिता ने ससुराल पक्ष पर दहेज के लिए हत्या करने का गंभीर आरोप लगाया है।
ग्राम ज्वाला चंडी, थाना किरतपुर निवासी हरवीर सिंह ने थाना मंडावर में दी गई तहरीर में बताया कि उन्होंने 17 जनवरी 2024 को अपनी पुत्री दामिनी की शादी अपनी हैसियत के अनुसार दान-दहेज देकर अभिषेक पुत्र मुन्नू, निवासी ग्राम मोहम्मदपुर देवमल (इनामपुरा) के साथ की थी। आरोप है कि शादी के कुछ ही दिनों बाद ससुराल वालों ने दहेज में पांच लाख रुपये की मांग शुरू कर दी और रकम न मिलने पर दामिनी को लगातार प्रताड़ित किया जाने लगा।

शनिवार की सुबह हरवीर सिंह के फोन पर आई एक कॉल ने पूरे परिवार को झकझोर कर रख दिया—दूसरी ओर से बताया गया कि उनकी पुत्री की मौत हो चुकी है। खबर मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई।
मृतका के पिता की तहरीर पर पुलिस ने पति अभिषेक, देवर भूरे, ससुर मुन्नू और सास रेखा के खिलाफ दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल बिजनौर भेज दिया है।
थाना अध्यक्ष सुमित राठी ने बताया कि मामले को गंभीरता से लिया गया है। तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।