Spread the love

हरिद्वार परिपाटी न्यूज़/ परमेंद्र नारायण (जिला क्राइम रिपोर्टर)

पीपीएन/ हरिद्वार: ज्वालापुर के मोरा तारा ज्वेलर्स में डाली गई करोड़ों की डकैती की वारदात को दिल्ली के विकास गैंग ने अंजाम दिया था। एसटीएफ, हरिद्वार पुलिस एवं एसओजी ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए वेस्ट यूपी के सहारनपुर, मेरठ से लेकर गुरुग्राम से चार डकैत दबोच लिए है। लेकिन गैंग सरगना विकास एवं उसका एक साथी अब भी पकड़ से बाहर बना हुआ है। गौर करने वाली बात यह है कि लूटे गए सोने-हीरे के जेवरात अभी तक नहीं मिल पाए है, हां कुछ लाख रुपए की रकम जरुर पुलिस टीम को हत्थे चढ़े डकैतों के कब्जे से मिली है। शुक्रवार की देर रात रुड़की के एक सरकारी गेस्ट हाऊस से मिली लीड के बाद शहर की सबसे बड़ी डकैती की वारदात के खुलासे में जुटी उत्तराखंड पुलिस की टीमों ने देर रात ही वेस्ट यूपी एवं दिल्ली का रुख कर लिया था। पुलिस सूत्रों की माने तो देर रात से लेकर शनिवार सुबह तक संयुक्त आॅपरेशन में पुलिस टीमों ने चार डकैत धर दबोचे लेकिन उनके कब्जे से लूटा गया सोना नहीं बरामद हुआ है। सामने आया कि दिल्ली का शातिर अपराधी विकास ही मास्टरमाइंड है और उसी की ही अगुवाई में डकैती की वारदात को अंजाम दिया गया था। पुलिस टीमों ने सहारनपुर से एक, मेरठ से एक एवं गुरुग्राम हरियाणा से दो डकैत दबोचे है, उनके कब्जे से कई लाख रुपए बरामद हुए है। यह डकैत फ्रेशर बताए जा रहे है जबकि गैंग लीडर विकास कई घटनाओं को अंजाम देने के आरोप में पूर्व में जेल जा चुका है। लूटे गए जेवरात विकास एवं उसके एक अन्य साथी के ही कब्जे में है, उन्हें धर दबोचना पुलिस के लिए टेढी खीर साबित हो सकता है। यदि जेवरात की रिकवरी नहीं होती है तो डकैती की घटना के खुलासे का मजा फीका रह जाएगा। हरिद्वार पुलिस के  सूत्रों की माने तो अगले चंद घंटों में पुलिस वारदात का खुलासा कर सकती है।

By PARIPATI NEWS

PARIPATI NEWS MEDIA GROUP