
संवाददाता-हर्षित भारद्वाज/परिपाटी न्यूज मीडिया
चांदपुर बिजनौर पीपीएन। अखिल भारतीय किसान सभा ने तीनों कृषि कानूनों को किसान विरोधी बताते हुए इनको रद्द किए जाने तथा पेट्रोलियम पदार्थों की कीमतों में की जा रही बेतहाशा वृद्धि के विरोध में तहसील में प्रदर्शन किया तथा बाद में राष्ट्रपति के नाम उप जिलाधिकारी को ज्ञापन दिया।

शनिवार को चांदपुर तहसील परिसर में किसान सभा के जिलाध्यक्ष अमर सिंह सैनी के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एकत्र हुए तथा केंद्र सरकार की किसान विरोधी व जनविरोधी नीतियों के विरोध में प्रदर्शन कर विरोध जताया। तहसील परिसर में कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए किसान सभा के जिला अध्यक्ष अमर सिंह सैनी ने कहा कि सरकार ने कृषि कानून बनाकर किसानों को अहित करने का कार्य किया है। सात माह से दिल्ली बार्डर पर आंदोलनरत किसानों की अनदेखी की जा रही है। एमएसपी पर कानून बनाया जाए। सभी फसलों को एमएसपी के दायरे में लाकर खरीदारी की व्यवस्था की जाए। आरोप लगाया कि बारदाने की कमी बताकर गेहूं की खरीद में अनियमितता बरती गई। पेट्रोलियम पदार्थों की कीमत लगातर बढ़ रही है, जिससे किसान और आम वर्ग पर गहरा प्रभाव पड़ा है। बाद में एसडीएम वीके मौर्य को राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन देने वालों में अमर सिंह, ऋषिपाल सिंह, जोगेंद्र सिंह, वीर सिंह, बदरूल हसन, छोटे सिंह, महाराज सिंह आदि शामिल रहे।