
देवेश्वर धीमान
बिजनौर (परिपाटी न्यूज़)। बिजनौर जिले के विदुर कुटी गंगा घाट पर लगने वाले कार्तिक पूर्णिमा गंगा स्नान मेले की तैयारियां अब अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। इस मेले का शुभारंभ 3 नवंबर को होगा और यह 5 नवंबर तक चलेगा। आज जिलाधिकारी जसजीत कौर और पुलिस अधीक्षक अभिषेक झा ने अन्य अधिकारियों के साथ मेले की तैयारियों का बारीकी से निरीक्षण किया और जहां-जहां कमियां मिलीं, वहां सुधार के निर्देश दिए। दारानगर गंज इलाके में हर वर्ष जिला पंचायत द्वारा आयोजित होने वाले इस मेले में लाखों श्रद्धालु गंगा स्नान के लिए आते हैं।
श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और स्वच्छता पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। मेले में पॉलिथीन का प्रयोग पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा। सभी प्रमुख स्थलों पर सीसीटीवी कैमरे और वॉच टावर लगाए जा रहे हैं ताकि सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ बनी रहे। जिलाधिकारी जसजीत कौर ने बताया कि जिला प्रशासन, जिला पंचायत और अन्य विभागों के सहयोग से मेले को सुव्यवस्थित और सफल बनाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। स्वास्थ्य, वन और पुलिस विभाग द्वारा कंट्रोल रूम स्थापित किए जा रहे हैं ताकि श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो। पूरे मेला क्षेत्र को 8 सेक्टरों में विभाजित किया गया है और टेंट की भी व्यवस्था की जा रही है ताकि आने वाले श्रद्धालुओं को रुकने में कोई परेशानी न हो। उन्होंने कहा कि 31 अक्टूबर की शाम तक सभी तैयारियां पूरी कर ली जाएंगी। पुलिस अधीक्षक अभिषेक झा ने बताया कि प्रत्येक सेक्टर में एक प्रभारी अधिकारी को नियुक्त किया गया है, जो पुलिस बल के साथ 24 घंटे तैनात रहेंगे। सुरक्षा के दृष्टिकोण से पार्किंग, बैरिकेडिंग, मोबाइल पेट्रोलिंग और चौकियां स्थापित की जा रही हैं। घाटों पर सुरक्षा के लिए गोताखोरों की टीम तैनात की गई है और महिला पुलिस बल भी पर्याप्त संख्या में मौजूद रहेगा। उन्होंने बताया कि यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए विशेष प्रबंध किए गए हैं ताकि किसी भी प्रकार की अव्यवस्था या दुर्घटना न हो। जॉइंट कंट्रोल रूम में पुलिस और अन्य विभागों के अधिकारी लगातार निगरानी रखेंगे, जिससे मेले का आयोजन सुरक्षित, शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से संपन्न हो सके।