
संवाददाता-हर्षित भारद्वाज/ परिपाटी न्यूज मीडिया
चांदपुर,बिजनौर (परिपाटी न्यूज) शुक्रवार दोपहर को पंजाब नेशनल बैंक की स्थानीय शाखा से कोई उचक्का एक लाख 28 हजार रुपये से भरा एक व्यापारी का थैला लेकर साफ हो गया ।
बाजार बजरिया के एक व्यापारी सुरेंद्र भाटिया ने अपनी दुकान पर काम करने वाले गौरव कुमार को पंजाब नेशनल बैंक में जमा कराने के लिये एक लाख 28 हजार रुपये दिये । गौरव रुपयों को थैले में रखकर बैंक पहुंचा। वहां काउंटर पर कुछ अन्य लोग भी खड़े थे।उसने रुपयों से भरा थैला वहीं पास में रख दिया और वह कैशियर से कुछ बात करने लगा। इसी बीच उसकी निगाह बचाकर किसी ने उसका थैला साफ कर दिया । थैला गायब देखकर उसके पैरों के नीचे से जमीन खिसक गई । उसने बैंककर्मियों के साथ ही पुलिस व सुरेंद्र भाटिया को इसकी सूचना दी । इसी बीच सूचना पाकर पुलिस भी बैंक पर पहुंच गई । गौरव तथा बैंककर्मियों व वहां मौजूद अन्य लोगों से पूछताछ करने के बाद बैंक में लगे सीसीटीवी कैमरों को खंगालना शुरू कर दिया ।