Spread the love

महिला मोर्चा की प्रदेश उपाध्यक्ष रोमा सैनी के नेतृत्व में सैकड़ों महिलाओं ने किया प्रतिभाग, संत रविदास महाराज के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने का लिया संकल्प

शुभम चौधरी

हरिद्वार (परिपाटी न्यूज)। धनोरी में संत शिरोमणि श्री गुरु रविदास महाराज जी की 650वीं जयंती वर्ष के उपलक्ष्य में आयोजित ‘समरसता संकल्प यात्रा’ में भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश उपाध्यक्ष रोमा सैनी के नेतृत्व में सैकड़ों महिलाओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। यात्रा के माध्यम से संत रविदास महाराज के विचारों और उनके सामाजिक समरसता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया गया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि संत रविदास महाराज जी ने समरसता की सोच को धरातल पर उतारते हुए उत्तराखंड को देश का पहला राज्य बनाया, जहां समान नागरिक संहिता (यूसीसी) कानून लागू किया गया। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह कार्य प्रदेश की जनता के आशीर्वाद से हमारी सरकार ने किया है। इसके तहत देवभूमि उत्तराखंड में रहने वाले सभी नागरिकों के लिए समान कानून की व्यवस्था की गई है। चाहे कोई किसी भी जाति, पंथ या वर्ग से संबंधित हो, कानून की नजर में सभी समान हैं। भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश उपाध्यक्ष रोमा सैनी ने कहा कि संत शिरोमणि गुरु रविदास महाराज जी का जीवन और उनकी शिक्षाएं संपूर्ण मानव समाज के लिए प्रेरणास्रोत हैं। उन्होंने समाज को समानता, प्रेम, भाईचारे और मानवता का मार्ग दिखाया। उनके विचार आज भी समाज को एकजुट करने और सामाजिक समरसता को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

उन्होंने कहा कि संत रविदास महाराज की 650वीं जयंती वर्ष के अवसर पर आयोजित समरसता संकल्प यात्रा का उद्देश्य उनके संदेशों को जन-जन तक पहुंचाना और उनके आदर्शों के अनुरूप समरस समाज के निर्माण का संकल्प लेना है। रोमा सैनी के नेतृत्व में यात्रा में शामिल सैकड़ों महिलाओं ने संत रविदास महाराज के विचारों को अपनाने और समाज में आपसी भाईचारे, समानता तथा सद्भाव को मजबूत बनाने का आह्वान किया। महिलाओं की उत्साहपूर्ण भागीदारी ने यात्रा को विशेष रूप से प्रेरणादायक बनाया। इस दौरान संत रविदास महाराज के आदर्शों पर चलने और समाज में भेदभाव को समाप्त कर सामाजिक समरसता स्थापित करने का संकल्प लिया गया।

By Paripati News

परिपाटी न्यूज़ की डिजिटल डेस्क टीम निष्पक्ष, सटीक और ताज़ा खबरों को पाठकों तक पहुंचाने के लिए समर्पित है। राजनीति, प्रशासन और समसामयिक मुद्दों की गहन रिपोर्टिंग पर विशेष ध्यान।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *