
विक्की जोशी
बिजनौर (परिपाटी न्यूज) भारतीय किसान यूनियन (अराजनीतिक) की मासिक बैठक सोमवार को विदुर कुटी मंदिर परिसर के समीप विदुर पार्क में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता ब्लॉक अध्यक्ष नोवहार सिंह ने की, जबकि संचालन तहसील अध्यक्ष उदयवीर सिंह ने किया। इस बैठक में मुख्य रूप से दो महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा हुई , गंगा एक्सप्रेसवे को बिजनौर जनपद से होकर गुजारने की मांग और गन्ना मूल्य में शीघ्र वृद्धि की आवश्यकता। गंगा एक्सप्रेसवे को न निकाले जाने से क्षेत्र के विकास पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ेगा। गंगा तटवर्ती क्षेत्रों के किसान वर्षों से इस एक्सप्रेसवे की मांग कर रहे हैं। यूनियन ने यह भी स्पष्ट किया कि जब तक सरकार ठोस घोषणा नहीं करती, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। गन्ना मूल्य वृद्धि को लेकर भी किसानों में गहरी नाराजगी झलकती दिखी।

वक्ताओं ने कहा कि गन्ने की लागत लगातार बढ़ रही है जबकि मूल्यवृद्धि न के बराबर है। बैठक के बाद कार्यकर्ताओं ने विदुर कुटी वृद्ध आश्रम और गंज क्षेत्र में जाकर गंगा एक्सप्रेसवे की मांग को लेकर पोस्टकार्ड हस्ताक्षर अभियान चलाया। किसानों ने हस्ताक्षरित पोस्टकार्ड प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री व लोक निर्माण मंत्री को संबोधित करते हुए डाकघर में जमा किए। इस अवसर पर जिला सचिव राकेश प्रधान, हुकुम सिंह, जसवंत सिंह, मनोज कुमार, शुभम, सहित सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित रहे।