संवाददाता :- देवेश्वर धीमान
बिजनौर परिपाटी न्यूज | जिलाधिकारी अंकित कुमार अग्रवाल ने सभी लेखपालों को निर्देश दिए कि अपने-अपने कार्य क्षेत्र में स्थित सार्वजनिक भूमि का रिकॉर्ड चैक कर लें और उन पर कब्जा न होने का प्रमाण पत्र देना सुनिश्चित करें। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि किसी भी स्थिति में सरकारी जमीन पर कब्जा न होने पाए, यदि कहीं पर अवैध कब्जे की शिकायतें प्राप्त होती है तो इसके लिए प्रभावी कार्यवाही करना सुनिश्चित करें।

उन्होंने बैठक में पांच ग्रामों की पैमाइश की जानकारी हासिल की एवं अभिलेख बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि सरकारी भूमि की लिस्ट बनाकर रिकॉर्ड का सत्यापन करना सुनिश्चित करें। जिलाधिकारी कलेक्ट्रेट स्थित महात्मा विदुर सभागार में भूमि सर्वेक्षण एवं अभिलेख प्रक्रिया से संबंधित आयोजित बैठक की अध्यक्षता करते हुए निर्देश दे रहे थे। उन्होंने राजस्व विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी कानूनगो एवं लेखपाल अपने-अपने क्षेत्र में सार्वजनिक भूमि का चिन्हिकरण करना सुनिश्चित करें और उसकी सूची भी तैयार करें यदि किसी भूमि पर अवैध कब्जा पाया जाता है तो तत्काल उसे कब्जा मुक्त करने की कार्यवाही सुनिश्चित करें। उन्होंने स्पष्ट करते हुए कहा कि किसी भी अवस्था में सार्वजनिक भूमि पर कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने यह भी निर्देश दिए की जिले में सार्वजनिक भूमि का बड़ा रकबा तलाश करें ताकि उसको औद्योगिक इकाई के रूप में विकसित किया जा सके। इस अवसर पर राजस्व विभाग के अधिकारी, कानूनगो एवं लेखपाल मौजूद थे।